
केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी ‘पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ (PM Surya Ghar Muft Bijli Yojana) आम नागरिकों के लिए बिजली बिल के बोझ से मुक्ति का एक बड़ा माध्यम बनकर उभरी है, इस योजना के जरिए न केवल करोड़ों घरों को 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली मिलेगी, बल्कि सोलर पैनल लगवाने के लिए सरकार की ओर से ₹78,000 तक की आर्थिक मदद भी दी जा रही है।
Table of Contents
बिजली बिल होगा ‘शून्य’, अतिरिक्त कमाई का भी मौका
इस योजना का मुख्य उद्देश्य देश के 1 करोड़ घरों को सौर ऊर्जा से जोड़ना है, योजना के तहत छत पर सोलर पैनल लगाने से उपभोक्ताओं का मासिक बिजली बिल लगभग शून्य हो सकता है। इतना ही नहीं, यदि आपके घर में खपत से अधिक बिजली पैदा होती है, तो आप उसे ग्रिड को बेचकर सालाना ₹15,000 से ₹18,000 तक की अतिरिक्त कमाई भी कर सकते हैं।
सब्सिडी का पूरा गणित
सरकार ने सोलर सिस्टम की क्षमता के आधार पर सब्सिडी की राशि तय की है:
- 1 kW सिस्टम: ₹30,000 की सब्सिडी।
- 2 kW सिस्टम: ₹60,000 की सब्सिडी।
- 3 kW या अधिक: अधिकतम ₹78,000 तक की केंद्र सरकार की सब्सिडी।
- विशेष: कुछ राज्यों में राज्य सरकारें अतिरिक्त सब्सिडी भी दे रही हैं। उदाहरण के लिए, उत्तर प्रदेश में कुल सब्सिडी ₹1.08 लाख तक पहुँच सकती है।
किसे मिलेगा लाभ?
योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक का भारतीय नागरिक होना अनिवार्य है, साथ ही, आवेदक के पास स्वयं का घर, सोलर पैनल लगाने के लिए पर्याप्त जगह वाली छत और एक वैध बिजली कनेक्शन (Electricity Connection) होना चाहिए।
आवेदन प्रक्रिया: 5 आसान स्टेप्स
इच्छुक नागरिक आधिकारिक पोर्टल pmsuryaghar.gov.in पर जाकर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं, आवेदन की प्रक्रिया इस प्रकार है:
- पंजीकरण: पोर्टल पर अपने राज्य, बिजली कंपनी और उपभोक्ता नंबर के साथ रजिस्टर करें।
- लॉगिन और आवेदन: उपभोक्ता नंबर और मोबाइल नंबर के जरिए लॉगिन कर फॉर्म भरें।
- अनुमोदन: DISCOM से तकनीकी व्यवहार्यता (Technical Feasibility) की मंजूरी प्राप्त करें।
- इंस्टालेशन: DISCOM के साथ पंजीकृत वेंडर (Empaneled Vendor) से ही पैनल लगवाएं।
- सब्सिडी का दावा: नेट मीटरिंग के बाद पोर्टल पर सब्सिडी के लिए दावा करें, जिसके बाद राशि सीधे आपके बैंक खाते में आ जाएगी।
यह योजना न केवल आम आदमी की जेब बचा रही है, बल्कि स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देकर पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
















