
सहारा इंडिया की विभिन्न सोसायटियों में सालों से फंसे अपने पैसे का इंतजार कर रहे करोड़ों निवेशकों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है अब निवेशक ₹10 लाख तक के रिफंड के लिए ऑनलाइन दावा ठोक सकते हैं, केंद्रीय पंजीकरण सहकारी समिति (CRCS) ने रिफंड की सीमा को ₹50,000 से बढ़ाकर अब ₹10 लाख कर दिया है।
Table of Contents
45 दिनों में खाते में आएगा पैसा
सहारा रिफंड पोर्टल के माध्यम से आवेदन करने वाले जमाकर्ताओं को सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 45 दिनों के भीतर उनके पैसे लौटाए जा रहे हैं, यदि आपका आवेदन पहले तकनीकी कमियों के कारण खारिज (Reject) हो गया था, तो अब आप ‘री-सबमिशन पोर्टल’ के जरिए उन गलतियों को सुधारकर दोबारा आवेदन कर सकते हैं।
इन 4 सोसायटियों के निवेशकों को मिलेगा लाभ
फिलहाल, रिफंड की यह प्रक्रिया सहारा की केवल इन चार सहकारी समितियों के लिए जारी है:
- सहारा क्रेडिट कोऑपरेटिव सोसाइटी लिमिटेड (लखनऊ)
- सहारायन यूनिवर्सल मल्टीपर्पज सोसाइटी लिमिटेड (भोपाल)
- हमारा इंडिया क्रेडिट कोऑपरेटिव सोसाइटी लिमिटेड (कोलकाता)
- स्टार्क्स मल्टीपर्पज कोऑपरेटिव सोसाइटी लिमिटेड (हैदराबाद)
आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज
दावा पेश करने से पहले सुनिश्चित करें कि आपके पास निम्नलिखित दस्तावेज तैयार हैं:
- सदस्यता संख्या (Membership Number) और जमा खाता संख्या।
- आधार से लिंक मोबाइल नंबर (ओटीपी सत्यापन के लिए)।
- आधार सीडेड बैंक खाता (पैसा इसी खाते में आएगा)।
- जमा प्रमाणपत्र या पासबुक की स्कैन कॉपी।
- PAN कार्ड: यदि आपका दावा ₹50,000 से अधिक है, तो पैन कार्ड अनिवार्य है।
स्टेप-बाय-स्टेप आवेदन प्रक्रिया
- सबसे पहले mocrefund.crcs.gov.in पर लॉग इन करें।
- ‘जमाकर्ता पंजीकरण’ पर क्लिक कर आधार और मोबाइल नंबर दर्ज करें।
- ओटीपी के जरिए लॉगिन करें और अपनी निवेश रसीद/पासबुक के अनुसार सभी विवरण सावधानीपूर्वक भरें।
- अपने निवेश के सबूत (Certificate/Passbook) की फोटो अपलोड करें।
- पोर्टल से दावा फॉर्म डाउनलोड करें, उस पर फोटो चिपकाएं, हस्ताक्षर करें और उसे फिर से स्कैन करके अपलोड करें।
- आवेदन सफल होने पर एक एक्नॉलेजमेंट नंबर मिलेगा, इसे संभाल कर रखें।
सावधान रहें!
विशेषज्ञों का कहना है कि आवेदन भरते समय नाम और सदस्यता संख्या में कोई गलती न करें, अन्यथा आवेदन रिजेक्ट हो सकता है, किसी भी समस्या के समाधान के लिए निवेशक सरकार द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर 011-20909044 पर संपर्क कर सकते हैं।
















